सपने हमेशा इंसान को जीने की हिम्मत दे जाते है | वक्त जो हमेशा हमसे तेज
चलने को आमादा है, हर चीज को हमसे दूर करने की कोशिश करता रहता है | कभी – कभी सफल
भी हो जाता है अपने इस नापाक इरादे में | हम आज के आनंद वाली धारणा के खिलाफ नहीं
हैं लेकिन न जाने क्यों हमें सुकून उस हकीकत में मिलता है, जो कभी हमने सपनो में
देखी थी | सपने जो अपने मुकाम तक पहुंचे, जिन्हें अपने हिस्से की उम्मीद भी मिली
और होंसला भी | आज अपनी मंजिल पर पहुंचकर दूर किसी फलक के सितारे हो गए हैं; वो
सारे सपने | हर एक सपना, आज हकीकत बन अपनी ही चमक बिखेरता हुआ, इस दुनिया को छोटा
साबित कर रहा है |
लोगों का हुजूम भी हमें कभी अच्छा नहीं लगा | हमें तो खुले आँगन में
अकेले लेटकर अपनी ही खवाबों की दुनिया में धूप सेकना हमेशा भाता था | या फिर बड़ी -
बड़ी खिड़कियों वाले अपने दफ्तर से सुदूर पहाड़ों को घंटों निहारते रहना | संग में
कुछ पुराने नगमें यकबयक ज़ेहन में घर कर जाते | और फिर क्या; अगला पल तब बीतता
जब हम गुनगुनाने लगते | सच में बड़े ही सुकून भरे होते थे वो फुर्सत के लम्हें | पर
अब मसरूफियत ने घेर रखा है | चारों तरफ लोग हैं, अपने अपने काम लिए | सभी औरों
के चक्कर लगाने में व्यस्त हैं, जैसे खुद की किसी को परवाह ही नहीं | पर हम इन
जग निर्मित सरोकारों से कोई वास्ता नहीं रखते | अपनी धुन में रहते हैं, अपनी मर्ज़ी
की करते हैं | या यूँ कहें जीवन रूपी गाड़ी को अपने ही अंदाज में हांक रहे हैं और
इसी जद्दोजहद में इसका भरपूर लुत्फ़ भी उठा रहे हैं |
हाँ भले ही इस तरह भागदौड़ वाली जिंदगी जीने में कुछ तौर तरीके बदल गए
हैं, साधन भी बदल गए हैं लेकिन मिजाज़ नहीं बदला | वक्त के दामन से एक लम्हां
चुराकर, लिखने का अवसर
निकाल ही लेता हूँ | और इसका नतीजा, वही सुकून जिसकी तलाश में सब जिंदगी भर भटकते
हैं पर जो हमारा पुराना साथी रहा है |
तो फिर आप सोच क्या रहे हैं अबतक ? कुछ समय अपने लिए निकालिए | बंद पड़ी
अलमारी से अपने पुराने शौक को आज़ाद करिये | ख़वाब देखना शुरू करिये, ऐसे ख़वाब जो
आपके अपने हों, अजीज़ हों | फिर देखिए कैसे कुछ ख़वाब आपके शौक से मिलकर एक जूनून
कायम करते हैं | फिर आपके ख़वाब सिर्फ ख़वाब न रहकर दरअसल एक हकीकत में तब्दील हो
जायेंगे | और आप भी मेरी तरह यह फक्र से कह पाएंगे “ हाँ हमने देखी है हकीकत से मिलती
सपनो वाली दुनिया ” |
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
प्रतिक्रिया / सुझाव देने के लिए शुक्रिया !!!